उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां यमुना नदी में पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। इस दुर्घटना में 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं और कुछ अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब से घूमने के लिए वृंदावन आए थे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर सेना के जवानों को भी बुलाया गया है।
डीआईजी शैलेश पांडेय ने बताया कि पर्यटक दो स्टीमर में सवार थे, जिनमें कुल मिलाकर करीब 30 से 33 लोग थे। इनमें से एक स्टीमर, जिसमें 25 से 27 लोग सवार थे, अचानक पलट गया। अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 12 से 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 3 से 5 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और राहत कार्य में जुटी हुई है। इसके अलावा करीब 50 स्थानीय गोताखोर भी नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। बचाए गए घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
हादसे के चश्मदीद और पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि वे सभी लुधियाना के जगराओं से आए थे। उन्होंने बताया कि उस समय तेज हवा चल रही थी, जिससे स्टीमर अचानक डगमगाने लगा। बीच नदी में संतुलन बिगड़ने के बाद स्टीमर की गति बढ़ गई और वह पीपा पुल से टकराकर पलट गया।






