सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन कार्यक्रम, विकास और राजनीति पर गरमाए बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया, यह कार्यक्रम दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के 180 किलोमीटर हिस्से के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित किया गया था, सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि इस एक्सप्रेसवे से सहारनपुर से दिल्ली की दूरी अब लगभग छह घंटे से घटकर ढाई घंटे रह जाएगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि इस क्षेत्र में बनने वाले उत्पादों और खाद्य सामग्रियों को राष्ट्रीय राजधानी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
विकास और विरासत दोनों पर जोर
अपने भाषण में सीएम योगी ने विकास के साथ-साथ विरासत संरक्षण पर भी जोर दिया, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर काम कर रही है, आंबेडकर जयंती के अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार सामाजिक न्याय और सम्मान की दिशा में कार्य कर रही है।
विपक्ष पर सीधा हमला
सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा “जो समाज को बांटने की राजनीति करता है, वह कभी विकास की बात नहीं कर सकता,” उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पहचान और कानून व्यवस्था का संकट था, लेकिन अब राज्य तेजी से विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
डबल इंजन सरकार का दावा
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून व्यवस्था दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, उन्होंने इसे केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” का परिणाम बताया, उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख नेता
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने पंकज चौधरी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और 2027 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत का दावा किया।
“कमल का बटन दबाया, विकास आया” – डिप्टी सीएम
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है, उन्होंने कहा “आपने कमल का बटन दबाया तो विकास आया, शांति और खुशहाली आई,” उन्होंने 2027 में एक बार फिर भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया।
सहारनपुर का यह कार्यक्रम केवल विकास परियोजना का उद्घाटन नहीं था, बल्कि राजनीतिक संदेशों से भी भरपूर रहा, एक ओर जहां सरकार ने विकास कार्यों और योजनाओं को जनता के सामने रखा, वहीं विपक्ष पर तीखे हमले भी देखने को मिले।






