Home Uttar Pradesh यूपी में गर्मी का कहर शुरू, कई जिलों में पारा 40 के...

यूपी में गर्मी का कहर शुरू, कई जिलों में पारा 40 के करीब; मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया

22
0

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम हल्की राहत जरूर मिल रही है, लेकिन दिन में तेज धूप और तपिश लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलना भी भारी पड़ रहा है। बांदा, प्रयागराज और झांसी समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। मंगलवार, 14 अप्रैल को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।

ALSO READ:सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला: “समाज को बांटने वाला नहीं कर सकता विकास

लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, आगरा और मेरठ सहित लगभग सभी जिलों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप पड़ेगी। साथ ही 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ में भी चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे पश्चिमी जिलों में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 20 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। इनमें नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, झांसी, बांदा, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, ललितपुर, चित्रकूट और जौनपुर जैसे जिले शामिल हैं, जहां तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रयागराज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी में 39.3 डिग्री, जबकि सुल्तानपुर, गाजीपुर और झांसी में करीब 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 से 6 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में इस हफ्ते प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here