संभल में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया है, गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में करीब सात बीघा सरकारी जमीन पर बने अवैध ईदगाह और इमामबाड़े को ध्वस्त किया गया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस छावनी में बदल दिया गया। कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी की एक कंपनी मौके पर तैनात रही, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी जमीन
प्रशासन के अनुसार, यह भूमि गाटा संख्या 1240 में दर्ज है और राजस्व रिकॉर्ड में इसे खाद के गड्ढे की आरक्षित श्रेणी में चिन्हित किया गया है, जांच में सामने आया कि इस जमीन पर अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण किया गया था।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया कब्जा
मामले में 18 जनवरी 2026 को धारा 67 के तहत वाद दायर किया गया था। इसके बाद 31 जनवरी को सार्वजनिक नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों को अपना दावा प्रस्तुत करने का मौका दिया गया, लेकिन निर्धारित समय में कोई भी सामने नहीं आया।
आदेश के बाद चला बुलडोजर
अदालत के निर्देश के बावजूद जब अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने बेदखली का आदेश लागू करते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी, इस दौरान एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल मौके पर मौजूद रहे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि प्रशासन अब अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।






