Home Political news महिला आरक्षण पर कानपुर में हंगामा , सपा सांसद के घर के...

महिला आरक्षण पर कानपुर में हंगामा , सपा सांसद के घर के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, नेमप्लेट पर चप्पल फेंककर जताया विरोध

21
0

महिला आरक्षण के मुद्दे पर जारी राजनीतिक टकराव अब सड़कों तक पहुंच गया है। कानपुर के दामोदर नगर क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर की नेमप्लेट पर जूते-चप्पल फेंककर अपना आक्रोश जाहिर किया। दरअसल, संसद में महिला आरक्षण को लेकर हुई बहस और गतिरोध का असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि समाजवादी पार्टी ने इस बिल का समर्थन नहीं कर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ रुख अपनाया है।

ALSO READ:सोलर इंस्टॉलेशन में लखनऊ ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, दिखाई अन्य जनपदों को नई राह

इसी के विरोध में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सांसद के आवास पर पहुंचीं और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “महिला विरोधी सोच बंद करो” और “नारी सम्मान से खिलवाड़ नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए गए। हालात उस समय और गर्म हो गए जब प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार तक पहुंच गईं और वहां लगी नेमप्लेट को निशाना बनाते हुए चप्पलें फेंकीं। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रण में बनी रही। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का कहना है कि महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दे का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर स्पष्ट समर्थन नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, इस मामले पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महिला आरक्षण का मुद्दा आने वाले समय में और ज्यादा तूल पकड़ सकता है और इसका असर चुनावी राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here