श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में देवी-देवताओं के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब शिखर ध्वजारोहण का क्रम अंतिम चरण में है। रामलला, माता अन्नपूर्णा, सूर्यदेव, हनुमान जी और गणेश मंदिर के शिखरों पर ध्वजारोहण हो चुका है। अब शिव मंदिर पर ध्वज फहराने की तैयारी पूरी हो गई है।श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि आगामी वैशाख शुक्ल त्रयोदशी, 29 अप्रैल बुधवार को शाम 5 बजे शिव मंदिर के शिखर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में दर्शन कर सकेंगे।
700 मेहमानों को निमंत्रण, 3 एंट्री पॉइंट तय
इस भव्य कार्यक्रम में करीब 700 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित मेहमानों के लिए तीन प्रवेश मार्ग तय किए गए हैं:
- रंगमहल आश्रम (रामकोट) की ओर से, अमावा राम मंदिर होते हुए रामगुलेला मंदिर बैरियर
- बिरला धर्मशाला के सामने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य द्वार से
पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
मेहमानों की सुविधा के लिए टेढ़ी बाजार चौराहे पर अरुन्धती भवन पार्किंग, टेढ़ी बाजार से गोकुल भवन की ओर और ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मंदिर परिसर में तैनात रहेंगी। इस दौरान मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा।






