पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लेते हुए तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं को निशाने पर लिया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव चुनावी हार का रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न केवल अखिलेश यादव खुद चुनाव हारे हैं, बल्कि उनके सहयोगी दल भी लगातार हार का सामना कर रहे हैं और राजनीतिक जमीन खोते जा रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली और बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। मौर्य ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार को जनता ने नकार दिया है, जबकि बिहार में तेजस्वी यादव भी चुनाव दर चुनाव हार का रिकॉर्ड बना रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि राज्य अब बदलाव के मुहाने पर खड़ा है और तृणमूल कांग्रेस के “कुशासन” से जनता जल्द मुक्ति पाने वाली है।
उन्होंने आगे कहा कि देश के चार राज्यों में कुशासन से छुटकारा मिलने के साथ सुशासन की शुरुआत होगी। मौर्य ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “भय बनाम भरोसे” की इस लड़ाई में अंततः भरोसे की जीत होगी।






