Home Breaking News गोरखपुर में मिट्टी में दफन मिली महिला और नवजात की लाश, ऑनर...

गोरखपुर में मिट्टी में दफन मिली महिला और नवजात की लाश, ऑनर किलिंग की आशंका

19
0

गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सूखे नाले की मिट्टी में दफन एक महिला और नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ। जैनपुर ग्राम सभा के टोला मसूदाबाद स्थित चोरहिया नाले के पास टहलने गए लोगों की नजर मिट्टी से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए और शोर मचाने लगे, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और खुदाई कराई। करीब दो फीट नीचे से लगभग 30 वर्षीय महिला और एक नवजात बच्चे का शव बरामद किया गया। महिला ने जींस और टॉप पहन रखा था, जबकि बच्चे का शव पूरी तरह सड़ चुका था। प्रारंभिक जांच में शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है।

मौके पर फोरेंसिक टीम को कुछ बाल भी बिखरे हुए मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह बाल जानवरों द्वारा नोचे गए हो सकते हैं, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों की हालत बेहद खराब होने के कारण उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऑनर किलिंग की आशंका भी जताई है। अधिकारियों का कहना है कि महिला और नवजात को सुनियोजित तरीके से मारकर मिट्टी में दबाया गया हो सकता है। फिलहाल आसपास के गांवों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने भीड़ को हटाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here