Home Uttar Pradesh Lucknow झूठ की सोन पापड़ी है भाजपा, चढ़ी है झूठ की परत दर...

झूठ की सोन पापड़ी है भाजपा, चढ़ी है झूठ की परत दर परत: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा झूठ की सोन पापड़ी है। एक झूठ की परत के ऊपर दूसरी परत चढ़ा देते हैं। प्रोपेगंडा भाजपा का टारगेटेड कैम्पेन है। जनता को डराकर चुनाव लड़ती है। भाजपा न महंगाई रोक पाई और न भ्रष्टाचार। अपने लोगों से मुनाफाखोरी करायी। जिसके कारण महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गयी है। श्री यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ने से खाना- पीना, यातायात सब चीज की मंहगाई बढ़ जाती है। आम जनता भाजपा की कुनीतियों से तबाह है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण बिल संसद से पास होकर कानून बन गया है। भाजपा उसको लेकर झूठा प्रचार कर रही है। महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की मंशा कभी साफ नहीं रही। आम जनता और महिलाओं को भ्रमित करने के लिए झूठा अभियान चला रहे हैं। महिलाएं भाजपा के झूठ को समझ रही है।श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और बेईमानी के सारे रिकॉर्ड टूट गये हैं। स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है। सरकार लोगों की जेब से पैसा निकाल कर अपने चहेतों की जेब में डाल रही है। स्मार्ट मीटर से बड़े पैमाने पर धांधली और बेईमानी हो रही है। अगर स्मार्ट मीटर में बेईमानी हो सकती है तो ईवीएम कैसे सुरक्षित है। ईवीएम में बेईमानी क्यों नहीं हो सकती है?श्री यादव ने कहा कि देश की जनता और हम सभी का मानना है कि चुनाव आयोग एक न्यूट्रल और संवैधानिक संस्था हैं। चुनाव आयोग से सभी लोग निष्पक्षता की उम्मीद करते है।

लेकिन रामपुर समेत उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनाव में भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर जो रिहर्सल किया था वही पूरा का पूरा पश्चिम बंगाल के चुनाव में किया। उपचुनाव में देखा गया था कि पीठासीन बनाने से लेकर कर्मचारियों, अधिकारियों को चुन-चुनकर तैनात किया था। इसी तरह से केन्द्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में राज्य प्रशासन के बराबर में पैरामिलिट्री और केन्द्रीय बलों का ढांचा बना दिया। भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है। सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में दीदी ऐतिहासिक वोटों से जीतेगी, बंगाल में दीदी थी और दीदी रहेंगी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हटाने को तैयार है। इस बार जनता ही भाजपा से निपटेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ्य कानून व्यवस्था को चौपट कर दिया है। इस सरकार ने 21 हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद कर दिया। 41 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूलों में एक भी एडमिशन नहीं हुआ। गोरखपुर में शिक्षकों के कई हजार पद खत्म हो गये। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के कारण जल जीवन मिशन में बन रही पानी की टंकिया लगातार ढह रही है। टंकिया भाजपा के भ्रष्टाचार का भार नहीं सहन कर पा रही है। टंकियों के भ्रष्टाचार की पाइप लाइन कालिदास मार्ग तक आती होगी। सिद्धार्थनगर पानी टंकी पर हुई घटना में बच्चों की जान बचाने के लिए श्री यादव ने सेना के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए उन्हें बधाई दी। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर डीजे के जरिए नफरत फैलाने की तैयारी कर रही है। जनता को सावधान रहना है। भाजपा प्रदेश में नफरत फैलाने के लिए डीजे का सहारा ले रही है। इस बार भाजपा डीजे के माध्यम से चुनाव लड़ेगी। जगह-जगह नफरत भरे गाने बजवा कर माहौल खराब करने की साजिश करेगी। भाजपा से सावधान रहना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here