लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट में ट्रांसफर आदेशों के अनुपालन में लापरवाही को लेकर जेसीपी मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। विभिन्न शाखाओं, न्यायालयों, थानों और रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात कर्मचारियों को स्थानांतरण के बाद भी नवनियुक्त स्थान पर कार्यमुक्त न किए जाने पर नाराजगी जताई गई है।
कई आदेशों के बाद भी नहीं हुआ अनुपालन
जारी आदेश के अनुसार 17 मार्च, 9 अप्रैल, 15 अप्रैल, 21 अप्रैल और 2 मई को जारी स्थानांतरण आदेशों के तहत संबंधित कर्मचारियों को नए तैनाती स्थल पर रवाना किया जाना था। इसके बावजूद कई कर्मियों को अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया।
जेसीपी ने कहा- स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक

जेसीपी मुख्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि स्थानांतरण आदेशों का पालन न किया जाना अत्यंत आपत्तिजनक है। आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और थानाप्रभारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
5 मई तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट
जेसीपी मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ट्रांसफर किए गए कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव किया जाए और 5 मई तक अनुपालन आख्या उपलब्ध कराई जाए।
लापरवाही पर हो सकती है कार्रवाई
आदेश से साफ संकेत मिल रहे हैं कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधीनस्थों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। पुलिस महकमे में इस आदेश के बाद हलचल तेज हो गई है।






