Home Breaking News एएनटीएफ सहारनपुर और हरियाणा टीम की बड़ी कार्रवाई

एएनटीएफ सहारनपुर और हरियाणा टीम की बड़ी कार्रवाई

7
0

एक करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, 454 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद

लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स सहारनपुर यूनिट ने हरियाणा एंटी नारकोटिक्स टीम के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 454 ग्राम अवैध हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

एएनटीएफ सहारनपुर के उपनिरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार, पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर उत्तर प्रदेश से हरियाणा के विभिन्न जिलों में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं।
इसी सूचना के आधार पर एएनटीएफ सहारनपुर की टीम हरियाणा पहुंची और स्थानीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ मिलकर करनाल सदर थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू किया।

रिंग रोड पुल के नीचे दबोचा गया आरोपी

संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति रिंग रोड पुल के नीचे मौजूद है और मादक पदार्थों की सप्लाई के लिए जाने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वंश यादव पुत्र सुनील यादव, निवासी बुढ़ा खेड़ा गांव, थाना गागलहेड़ी, जिला सहारनपुर के रूप में बताई।

लंबे समय से कर रहा था तस्करी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के धंधे में शामिल है और शुक्रवार को भी हरियाणा में सप्लाई देने जा रहा था।
टीम ने आरोपी के पास से 454 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जल्द ही इस मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here