60 लाख के अवैध गांजे के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो कार और मोबाइल फोन बरामद
लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 103.100 किलोग्राम अवैध गांजा, दो चार पहिया वाहन, छह मोबाइल फोन और 3,140 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के मार्गदर्शन और पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर कार में अवैध गांजा लादकर बीबीडी थाना क्षेत्र से सप्लाई के लिए निकलने वाले हैं।
बीबीडी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दबोचे गए आरोपी
सूचना के आधार पर एएनटीएफ कानपुर और बाराबंकी यूनिट की संयुक्त टीम ने बबुरिहा पावर हाउस के सामने नहर पुलिया तिराहे के पास नाकेबंदी की। इस दौरान दो कारों में सवार चार संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान इस प्रकार बताई—
विशाल पांडेय, निवासी गणपति अपार्टमेंट, कंचनपुर मटियारी, चिनहट, लखनऊ
सौरभ कुमार जायसवाल, निवासी दशहरा बाग, कोतवाली नगर, बाराबंकी
जितेंद्र कुमार, निवासी शाह मोहम्मदपुर अपैया, नगराम, लखनऊ
अखिलेश कुमार, निवासी कबीरपुर, बेहटा मुजावर, उन्नाव
बिहार से मंगवाया गया था गांजा
एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन के मुताबिक पूछताछ में आरोपी जितेंद्र कुमार ने स्वीकार किया कि यह गांजा बिहार से मंगवाया गया था और इसे अलग-अलग जिलों में सप्लाई किया जाना था।
आरोपियों ने यह भी बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो मिलकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करता है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, सप्लाई चैन और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






