तकनीक आत्मनिर्भर भारत और विकसित यूपी की सबसे बड़ी शक्ति : सीएम योगी
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम विशेष पाती लिखते हुए विज्ञान, तकनीक और नवाचार को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मई का दिन भारत की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इसी दिन पोखरण में “ऑपरेशन शक्ति” के जरिए भारत ने दुनिया को अपनी वैज्ञानिक ताकत का एहसास कराया था।
सीएम योगी ने कहा कि 11 मई को ही स्वदेशी हंस-3 विमान की सफल उड़ान और त्रिशूल मिसाइल के सफल परीक्षण जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल हुई थीं। उन्होंने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है और इसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने युवाओं को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में रोबोटिक्स और एआई मिशन शुरू किया गया है, जबकि डेटा सेंटर क्लस्टर की दिशा में भी तेजी से कार्य चल रहा है। “टेक युवा समर्थ युवा योजना” के तहत युवाओं को आधुनिकतम तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मूलमंत्र “Innovate in UP, Scale for the World” है और उत्तर प्रदेश को देश का “Deep Tech Capital” बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन, मेड-टेक और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसे क्षेत्रों में प्रदेश लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नवीनतम तकनीकों को सीखें, नवाचार अपनाएं और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






