रायबरेली जनपद के लालगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत उत्तरा गौरी में ग्राम प्रधान विजय पाल ने एक व्यक्ति पर लगातार झूठी शिकायतें कर मानसिक प्रताड़ना देने और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में प्रधान ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान विजय पाल का कहना है कि गांव का एक व्यक्ति पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार उनके खिलाफ निराधार शिकायतें करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में हुई जांचों में उन्हें निर्दोष पाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद शिकायतों का सिलसिला लगातार जारी है।
प्रधान ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति निजी स्वार्थ के चलते पंचायत के विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करता है और शिकायत वापस लेने अथवा कार्य न रुकवाने के बदले अवैध धन की मांग करता है। मांग पूरी न होने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और बदनाम करने की धमकी दी जाती है।
विजय पाल ने यह भी कहा कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं, जिसके कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है ताकि वे स्वतंत्र रूप से पंचायत कार्य न कर सकें। हाल ही में इंडिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत को लेकर भी उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान ने बीडीओ से निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध वसूली के प्रयासों को लेकर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं खंड विकास अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और वह स्वयं दो दिन बाद मौके पर जाकर पूरे प्रकरण की जांच करेंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






