30 दिन में शिकायत का समाधान नहीं तो अधिकारी होंगे सस्पेंड, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘सहयोग’ पोर्टल
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार (11 मई 2026) को आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया, मुख्यमंत्री ने ‘सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100’ और ‘सहयोग पोर्टल’ (sahyog.bihar.gov.in) के रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का लोकार्पण किया, इस नई व्यवस्था के तहत अब पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत आम लोगों की समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है, उन्होंने घोषणा की कि अब हर पंचायत में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।
डीएम और एसपी करेंगे निगरानी
सम्राट चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) पूरे सिस्टम की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे, सहयोग शिविर में तैनात अधिकारी लोगों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करेंगे, इसके लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को राज्य की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
Also Read – हरिद्वार में नाबालिग की मौत पर घमासान, कांग्रेस ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
31वें दिन स्वतः निलंबन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई पदाधिकारी 30 दिनों के भीतर आवेदन का निष्पादन नहीं करता, फाइल लंबित रखता है या कार्य में लापरवाही बरतता है, तो वह 31वें दिन स्वतः निलंबित माना जाएगा, उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर सरकार गंभीरता से निर्णय लेगी, लेकिन प्रखंड, अंचल और थाना स्तर से संबंधित शिकायतों का निपटारा हर हाल में 30 दिनों के अंदर करना होगा।
थानों और कार्यालयों में लगेंगे CCTV कैमरे
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आईटी विभाग द्वारा सभी प्रखंड, अंचल कार्यालयों और थानों में CCTV कैमरे लगाने का काम जारी है, ताकि गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और पारदर्शिता बनी रहे, उन्होंने कहा कि 11 अंक को शुभ माना जाता है और आज 11 तारीख को हेल्पलाइन नंबर 1100 की शुरुआत होना एक शुभ संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक लोगों की शिकायतें आती रहेंगी, तब तक सहयोग शिविर चलते रहेंगे, इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है।






