कौशांबी में एक तिलक समारोह इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वजह है यहां दिखाई गई एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल। दरअसल, तिलक रस्म के दौरान दूल्हे को फूलों की माला की जगह हेलमेट पहनाकर स्वागत किया गया। इस खास अंदाज ने न सिर्फ समारोह में मौजूद लोगों को चौंकाया, बल्कि सड़क सुरक्षा का एक बड़ा संदेश भी दे दिया।
मामला कौशांबी जिले के मोअज्जमपुर गांव का है। जहां गुहौली बंथरी निवासी लाल बहादुर सरोज की शादी मोअज्जमपुर निवासी बाल किशुन सरोज की बेटी अंजली के साथ 13 मई को होनी है। शादी से पहले 11 मई को आयोजित तिलक समारोह में लड़की पक्ष के लोग लड़के के घर पहुंचे थे।
तिलक की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हे को माला पहनाने की बारी आई, तभी होने वाले साले ने माला की जगह हेलमेट पहनाकर सभी को हैरान कर दिया। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अनोखी पहल की जमकर सराहना की।
लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने अपने होने वाले दामाद की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट गिफ्ट किया है, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
अब “माला नहीं, हेलमेट पहनाओ” का संदेश इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी इस पहल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे सड़क सुरक्षा के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।






