योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में ₹208 करोड़ से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक सही वोट विकास, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करता है, जबकि गलत वोट जातिवाद, परिवारवाद और माफियावाद को बढ़ावा देता है।”
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले महराजगंज और पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस, खराब स्वास्थ्य सेवाओं, माफियावाद और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। लेकिन प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनने के बाद हालात तेजी से बदले हैं। उन्होंने दावा किया कि अब क्षेत्र बेहतर सड़क नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई, रोजगार और सुरक्षा से जुड़ चुका है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-सोनौली फोरलेन, रोहिन नदी पर बनेलिया माई बैराज, मेडिकल कॉलेज और ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से महराजगंज की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जनता का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च किया जाता था, जबकि अब मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि महराजगंज में दिख रहा विकास “सही सांसद और विधायक चुनने” का परिणाम है।
सीएम योगी ने कहा कि महराजगंज, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों से इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब “बीमारू राज्य” नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला “विकास इंजन” बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य शैक्षणिक संस्थानों का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए बंद चीनी मिलों को नई कार्ययोजना के साथ शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में गरीबों की जमीनों पर कब्जा नहीं हो सकता और बेटियां सुरक्षित हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने माफियावाद और अराजकता पर प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। वनटांगिया गांवों को राजस्व गांवों जैसी सुविधाएं देने का भी उल्लेख किया।
राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का भी किया जिक्र सीएम योगी ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्य डबल इंजन सरकार में संभव हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां इन कार्यों में बाधा डालती रही हैं।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए लोगों से बिजली और ईंधन की बचत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव के चलते पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन केंद्र सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से विपक्ष के “नकारात्मक नैरेटिव” से बचते हुए “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ देशहित में योगदान देने का आह्वान किया।






