Home Breaking News यूपी में हर ब्लॉक पर लगेगी जनता चौपाल, CM योगी ने अधिकारियों...

यूपी में हर ब्लॉक पर लगेगी जनता चौपाल, CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

14
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रदेश के हर विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल आयोजित की जाएगी, जहां आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विवाद, घरेलू हिंसा, अवैध वसूली और स्थानीय स्तर पर दर्ज न होने वाली पुलिस शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों तक इन चौपालों के माध्यम से लाभ पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि IGRS पोर्टल और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

बकरीद और गंगा दशहरा को लेकर सख्त निर्देश

आगामी गंगा दशहरा और बकरीद को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि की अनुमति नहीं होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जाएगी और किसी नई परंपरा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा, साथ ही सड़क जाम कर नमाज पढ़ने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। खुले में मांस बिक्री और अवैध बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

संवेदनशील जिलों में फ्लैग मार्च और निगरानी

मुख्यमंत्री ने अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों में फ्लैग मार्च और लगातार पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्षों की घटनाओं का अध्ययन कर संभावित उपद्रवियों की सूची तैयार की जाए और जरूरत पड़ने पर निवारक कार्रवाई की जाए, इसके अलावा पुलिस स्टेशन, तहसील और जिला स्तर पर शांति समितियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

गंगा दशहरा की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर और अमरोहा समेत विभिन्न जिलों में घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस, छायादार व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अवैध खनन और भूमाफियाओं पर सख्ती

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा और अवैध खनन के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया, उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और अवैध खनन रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए, इसके साथ ही भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के आदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के वैध अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए, जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद खाली हैं, वहां तत्काल नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत प्रदेश में अब तक 12 लाख पांडुलिपियों की पहचान की जा चुकी है, जबकि पुलिस महानिदेशक ने आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here