मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा, सम्मान और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और बिना किसी भेदभाव के न्याय दिलाया जाए।
‘जनता दर्शन’ में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर व्यक्ति शिक्षित हो और जरूरतमंदों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राजस्व, कानून व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और किसी भी जरूरतमंद को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनता दर्शन में पहुंचीं महिलाओं से मुख्यमंत्री ने संवाद भी किया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान सभी लोग अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से परिवार के बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल करने तथा अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में खानपान और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।






