पंजाब के लुधियाना से इस वक्त की बड़ी और बेहद सनसनीखेज खबर…पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ और लुधियाना की मेयर इंद्रजीत कौर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर नगर निगम कार्यालय को खाली करा लिया गया, जबकि संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नगर निगम कमिश्नर के आधिकारिक ईमेल अकाउंट पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें दिलजीत दोसांझ और मेयर इंद्रजीत कौर के ठिकानों पर धमाका करने की बात कही गई।
सूत्रों के मुताबिक, ईमेल में धमाके के लिए एक खास तारीख और समय का भी जिक्र किया गया है। इतना ही नहीं, मेल में कुछ खास लोगों और एक संगठन के नामों का भी हवाला दिया गया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स की टीमें ईमेल की बारीकी से जांच कर रही हैं और भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।
धमकी के बाद प्रशासन ने मेयर के कैंप ऑफिस समेत शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन और चेकिंग अभियान चला रही है। हालांकि अब तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटा हुआ है। गौर तलब है कि इससे पहले भी पंजाब के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए है।





