Home Crime खेत बंटवारे के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, युवक पर...

खेत बंटवारे के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, युवक पर तेजाब फेंकने का आरोप

17
0

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में खेत बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र के अकबराबाद गुहौली गांव का है, जहां शनिवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

युवक पर तेजाब फेंकने का आरोप

एक पक्ष के राज कुमार ने आरोप लगाया कि उनके चाचा फूल कुमार जबरन ट्रैक्टर से खेत बराबर करा रहे थे। विरोध करने पर करीब 10 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की।इस हमले में राज कपूर, सासी कपूर उर्फ बंटा, सपना और अंजलि घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के दौरान राज कपूर पर तेजाब भी फेंका गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष के फूल कुमार और उनके बेटे सागर का कहना है कि खेत बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया।मारपीट में फूल कुमार का सिर फट गया, जबकि मुन्नी देवी का हाथ टूट गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

कई वर्षों से चल रहा था जमीन विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक खेत बंटवारे को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई वर्षों से विवाद चला आ रहा था। शनिवार रात यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समझौता कराया गया होता तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here