बकरीद और सड़कों पर नमाज को लेकर चल रही बहस के बीच कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है, उन्होंने कहा कि “सड़कों पर नमाज पढ़ने का नैरेटिव पूरी तरह झूठा है” और बीजेपी इसे बेवजह मुद्दा बना रही है।
“सड़क पर नमाज कौन पढ़ता है?” – इमरान प्रतापगढ़ी
इमरान प्रतापगढ़ी ने सवाल उठाते हुए कहा, “सड़कों पर नमाज कौन पढ़ता है? जुमे की नमाज दिन में एक से दो बजे के बीच होती है, इस तपती गर्मी में कौन सड़क पर खड़ा होकर नमाज पढ़ेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी “फर्जी नैरेटिव” बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सरकार को घेरा
महंगाई के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार पर हमला बोला, इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि चुनाव के दौरान कीमतें स्थिर रखी गईं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दाम बढ़ा दिए गए, उन्होंने आरोप लगाया कि “जनता पर बोझ डालकर चुनावी खर्च की भरपाई की जा रही है,” उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलाव के बावजूद आम जनता को राहत नहीं दी जा रही है, सांसद ने कहा कि संसद की कमेटी में भी इस मुद्दे पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
SIR और घुसपैठियों के मुद्दे पर सवाल
इमरान प्रतापगढ़ी ने SIR (Special Intensive Revision) का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि इसके जरिए कितने घुसपैठिए चिन्हित हुए हैं, उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर स्पष्ट आंकड़े देने के बजाय सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
राजनीतिक टकराव तेज
इमरान प्रतापगढ़ी के इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है, विपक्ष लगातार सरकार पर महंगाई और सामाजिक मुद्दों को लेकर हमलावर है, जबकि सत्तापक्ष इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बता रहा है, बकरीद और महंगाई जैसे संवेदनशील मुद्दों पर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।






