उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और सैन्य विरासत को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस ऐतिहासिक परियोजना का उद्घाटन राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने किया।सीजी सिटी स्थित यह अत्याधुनिक सैन्य थीम पार्क लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से दो एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS Gomati है, जिसे पर्यटन और सैन्य इतिहास के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया है।
राजनाथ सिंह बोले- यूपी अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ नहीं, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के लिए जाना जाता है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और माफिया संस्कृति से जुड़ी थी, लेकिन आज प्रदेश विकास और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
राजनाथ सिंह ने कहा,“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बिगड़े हुए लॉ एंड ऑर्डर को जिस प्रकार संभाला है, वह सराहनीय है। आज उत्तर प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ मॉडल के जरिए देश और दुनिया में नई पहचान बना रहा है।”उन्होंने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश आने से हिचकिचाते थे, लेकिन अब प्रदेश देश की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
सीएम योगी बोले- सुरक्षा का मजबूत माहौल ही विकास की गारंटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ अब भारत की विरासत, संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय गौरव का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।उन्होंने कहा कि विकास के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है।”2017 से पहले पेशेवर माफिया विकास के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा थे। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। देश की सुरक्षा और विकास के लिए मजबूत सैन्य शक्ति आवश्यक है।”मुख्यमंत्री ने सेना से जुड़े हर विकास प्रस्ताव को प्राथमिकता देने का भरोसा भी दिलाया।
ब्रजेश पाठक ने याद दिलाई 1857 की क्रांति
कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ हमेशा से शौर्य और बलिदान की भूमि रहा है।उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में लखनऊ के वीरों ने अंग्रेजी शासन को कड़ी चुनौती दी थी और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
केशव प्रसाद मौर्य ने कुंभ मेले में नौसेना प्रदर्शनी लगाने का सुझाव दिया
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ जैसे आयोजनों में भारतीय नौसेना की विशेष प्रदर्शनी लगाई जानी चाहिए ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग भारतीय नौसेना की शक्ति और तकनीकी क्षमता को नजदीक से समझ सकें।उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत का भी उल्लेख किया।
INS गोमती और लखनऊ का ऐतिहासिक संबंध
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका और लखनऊ का संबंध केवल भौगोलिक नहीं बल्कि ऐतिहासिक भी है।गोमती नदी के नाम पर भारतीय नौसेना का युद्धपोत INS गोमती तैयार किया गया था। यही कारण है कि इस युद्धपोत को लखनऊ में स्थापित किया जाना शहर के लिए गौरव का विषय है।
पर्यटन और युवाओं के लिए बनेगा प्रेरणा केंद्र
नौसेना शौर्य वाटिका केवल एक पार्क नहीं बल्कि भारतीय सैन्य इतिहास, देशभक्ति और वीरता का जीवंत संग्रहालय है। यहां स्थापित युद्धपोत, नौसेना उपकरण और सैन्य प्रदर्शनियां युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति प्रेरित करेंगी।विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना लखनऊ के पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य जागरूकता को भी बढ़ावा देगी।






