Home Uttarakhand news भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को भाया ‘धामी मॉडल’ तीसरी बार सत्ता में...

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को भाया ‘धामी मॉडल’ तीसरी बार सत्ता में वापसी का जताया भरोसा

69
0

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे ने प्रदेश संगठन और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर हो रहे इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दौरे के दौरान नितिन नवीन ने प्रदेश कोर कमेटी, सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं समेत संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

देहरादून में आयोजित एक गोष्ठी में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गंगा मैया के आशीर्वाद और धामी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।

नितिन नवीन ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने इस फैसले के जरिए पूरे देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल प्रबंधन, आधारभूत संरचना के विकास, पर्यटन क्षेत्र के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी प्रशंसा की। उनका कहना था कि धामी सरकार के कई फैसलों की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है और इससे भाजपा के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नितिन नवीन के दौरे और उनके बयानों से यह संकेत मिला है कि पार्टी नेतृत्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कार्यशैली पर पूरा भरोसा जता रहा है।