इंस्टाग्राम पर शेयर किया भावुक पोस्ट, कृष्ण भक्ति और वंशीवट का किया जिक्र
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं, कृष्ण भक्ति और वृंदावन से उनके गहरे जुड़ाव के चलते वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, इस बार उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे वृंदावन में गोपियों के बीच बांसुरी बजाते नजर आ रहे हैं।
वंशीवट पर बांसुरी और भक्ति का माहौल
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव वृंदावन के वंशीवट क्षेत्र में बांसुरी बजाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके आसपास गोपियां पारंपरिक अंदाज में नृत्य कर रही हैं, वीडियो के बैकग्राउंड में कृष्ण भक्ति से जुड़े गीत भी सुनाई दे रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय नजर आ रहा है, तेज प्रताप यादव ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया और लिखा कि वृंदावन का वंशीवट वह पवित्र स्थान है, जहां भगवान श्रीकृष्ण अपनी मधुर बांसुरी की धुन से गोपियों को आकर्षित करते थे।
Also Read – अभिषेक बनर्जी पर हमले से गरमाई राजनीति, तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कृष्ण भक्ति से गहरा जुड़ाव
तेज प्रताप यादव कई बार सार्वजनिक रूप से अपनी कृष्ण भक्ति और वृंदावन के प्रति लगाव का जिक्र कर चुके हैं। वे कॉलेज के दिनों में भी वृंदावन की गलियों में घूमने और आध्यात्मिक अनुभव लेने की बात कह चुके हैं, कई अवसरों पर वे सियासी रैलियों और धार्मिक आयोजनों में भी बांसुरी बजाते हुए नजर आए हैं। जन्माष्टमी और होली जैसे त्योहारों पर भी उनका यह अंदाज चर्चा में रहता है।
सोशल मीडिया पर अलग पहचान
तेज प्रताप यादव का यह अंदाज उन्हें सोशल मीडिया पर एक अलग पहचान देता है। कभी वे कृष्ण रूप में नजर आते हैं तो कभी भगवान शिव के रूप में इसके अलावा शंख और गिटार बजाते हुए भी उनके वीडियो वायरल हो चुके हैं।
राजनीतिक सफर और नई पार्टी का गठन
पिछले कुछ वर्षों में तेज प्रताप यादव का राजनीतिक जीवन भी लगातार चर्चाओं में रहा है। निजी जीवन से जुड़े विवादों और राजनीतिक मतभेदों के चलते उन्हें आरजेडी से अलग होना पड़ा था, इसके बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल (JJD) का गठन किया और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कई सीटों पर अपने उम्मीदवार भी उतारे। हालांकि पार्टी को कोई सीट जीतने में सफलता नहीं मिली।
तेज प्रताप यादव का वृंदावन दौरा और वायरल वीडियो एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ले आया है, एक तरफ उनकी राजनीतिक यात्रा है, तो दूसरी तरफ कृष्ण भक्ति से जुड़ा उनका यह अनोखा अंदाज लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।






