हरदोई। गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में छह माह की वृद्धि के फैसले के उपलक्ष्य में टड़ियावां ब्लॉक में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक ने चुनावी राजनीति को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।
कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि चुनाव केवल विकास कार्यों के दम पर नहीं जीते जाते, बल्कि राजनीतिक रणनीति और तिकड़म भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कें, विकास परियोजनाएं और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के बावजूद कई गांवों से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा, “हमने भी बहुत विकास कार्य कराकर देख लिए। जिन-जिन गांवों में सड़कें बनवा दीं, वहां के बक्सों में वोट ही नहीं निकले। चुनाव विकास से नहीं, तिकड़म से जीते जाते हैं।”
विधायक ने आगामी पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए प्रधानों से अभी से तैयारी शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए हर संभव राजनीतिक रणनीति अपनानी होगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “श्याम, दाम, दंड, भेद जो भी तिकड़म कर पाना कर लेना, लेकिन अगला चुनाव जीतना है।”
हालांकि, उन्होंने प्रधानों को यह भी सलाह दी कि कोई ऐसा कार्य न करें जिससे सरकार का उन पर से विश्वास कम हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों ने उनके संबोधन का स्वागत किया और कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले पर खुशी जताई। इस अवसर पर विधायक श्याम प्रकाश का फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न देकर सम्मान भी किया गया।






