Home Breaking News वरिष्ठ IAS अर्चना अग्रवाल बनीं राजस्व परिषद की अध्यक्ष, परिवहन विभाग की...

वरिष्ठ IAS अर्चना अग्रवाल बनीं राजस्व परिषद की अध्यक्ष, परिवहन विभाग की जिम्मेदारी भी बरकरार

47
0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल को प्रदेश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक संस्था राजस्व परिषद का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी के साथ वह परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव के पद पर भी कार्य करती रहेंगी।

अर्चना अग्रवाल को राजस्व परिषद की कमान सौंपे जाने को शासन स्तर पर एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है। राजस्व परिषद प्रदेश में भूमि, राजस्व, चकबंदी और अपील संबंधी मामलों की सर्वोच्च संस्थाओं में शामिल है, जिसकी भूमिका प्रशासनिक और न्यायिक दोनों दृष्टियों से बेहद अहम मानी जाती है।

वर्ष 1990 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल लंबे समय से विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक कार्यों में उनकी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और बेहतर कार्यशैली के कारण उन्हें शासन-प्रशासन में एक अनुभवी एवं प्रभावशाली अधिकारी के रूप में देखा जाता है।

वर्तमान में वह परिवहन विभाग और राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। राजस्व परिषद के अध्यक्ष जैसे अहम पद की जिम्मेदारी सौंपा जाना सरकार के उनके नेतृत्व और कार्यक्षमता पर भरोसे को दर्शाता है। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण, भूमि विवादों के समाधान और राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने में मिलेगा। वहीं परिवहन विभाग में भी उनके नेतृत्व में सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।