Home Uncategorized शिलान्यास कार्यक्रम में न बुलाये जाने पर भड़के सुभासपा विधायक बेदीराम

शिलान्यास कार्यक्रम में न बुलाये जाने पर भड़के सुभासपा विधायक बेदीराम

36
0

गाजीपुर। जखनिया विधानसभा क्षेत्र से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक बेदी राम ने भुड़कुड़ा मठ के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने और शिलापट्ट पर अपना नाम न होने को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए उन्होंने विधानसभा में मुद्दा उठाया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को कई बार पत्र लिखकर बजट की मांग की थी, लेकिन शिलान्यास के समय उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।

बेदी राम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जखनिया क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव स्थित प्राचीन सिद्धपीठ भुड़कुड़ा मठ के विकास और संरक्षण के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए। उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को कई पत्र लिखे। उनका दावा है कि विभागीय अधिकारी भी समय-समय पर उनसे संपर्क करते रहे और परियोजना की प्रगति की जानकारी देते रहे।

विधायक के अनुसार, सरकार द्वारा बजट जारी होने के बाद जब मठ के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया तो न तो उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया और न ही शिलापट्ट पर उनका नाम अंकित किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी भी दो दिन बाद अन्य लोगों के माध्यम से मिली।

बेदी राम ने आरोप लगाया कि शिलापट्ट पर भाजपा एमएलसी संतोष सिंह का नाम दर्ज है, जबकि परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए थे। उन्होंने कहा कि यह उनके साथ ही नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता के साथ भी अन्याय है।

सुभासपा विधायक ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे और जिला अधिकारी को भी पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि क्षेत्रीय विधायक को शिलान्यास कार्यक्रम से दूर रखने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया। गौरतलब है कि सुभासपा उत्तर प्रदेश सरकार में एनडीए की सहयोगी पार्टी है। ऐसे में सहयोगी दल के विधायक की नाराजगी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।