देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक चारों धामों में 27 लाख 67 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिल रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है। यहां अब तक 10 लाख 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया है। वहीं, भगवान बद्रीविशाल के धाम बद्रीनाथ में अब तक 7 लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। मां गंगा की तपोभूमि गंगोत्री धाम में अब तक 4 लाख 71 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि यमुनोत्री धाम में 4 लाख 58 हजार से अधिक यात्रियों ने मां यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है।
इसके अलावा, सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां अब तक 34 हजार से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर, हेल्प डेस्क और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में उत्तराखंड के पवित्र धामों के प्रति आस्था और विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।






