संतकबीरनगर में चेन स्नेचिंग के दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सामने आई तस्वीरें चर्चा का विषय बन गई हैं। पुलिस ने मोहम्मद कामिल और मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मेंहदावल क्षेत्र के अछिया गांव में एक वृद्ध महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक, गांजा और नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया। इसी दौरान की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
वायरल तस्वीरों में दोनों आरोपी पुलिस कस्टडी के बीच बेखौफ नजर आ रहे हैं। आरोपियों का मूंछों पर ताव देने वाला अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि यह सब उस समय हुआ जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी यदि इस तरह आत्मविश्वास और चुनौतीपूर्ण मुद्रा में नजर आते हैं, तो इससे कानून के भय और पुलिस की सख्ती को लेकर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस वायरल तस्वीर और आरोपियों के व्यवहार को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल, मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।






