Home Uttar Pradesh विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में बनेगा रिकॉर्ड, ‘एक पेड़ मां के...

विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में बनेगा रिकॉर्ड, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगेंगे 5 करोड़ पौधे

33
0

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश शुक्रवार को हरित क्रांति का नया अध्याय लिखने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। वन विभाग की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभागों, मंडलों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले कुकरैल वन क्षेत्र में पौधरोपण करेंगे। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण सक्सेना, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और हजारों ग्राम पंचायतों में पौधरोपण किया जाएगा। अमृत सरोवर, तालाब, सड़क, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भी इसमें सक्रिय भागीदारी रहेगी।

पौधरोपण के लिए मंडलवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। लखनऊ मंडल को सर्वाधिक 62.77 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा बरेली मंडल में 32.21 लाख, प्रयागराज में 32.17 लाख, कानपुर में 31.83 लाख और झांसी मंडल में 31.67 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

विभागवार जिम्मेदारियों की बात करें तो ग्राम्य विकास विभाग को सबसे बड़ा लक्ष्य 3 करोड़ पौधे लगाने का दिया गया है। कृषि विभाग 75 लाख, वन विभाग और उद्यान विभाग 50-50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख तथा नगर विकास विभाग 5 लाख पौधे लगाएगा।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हर व्यक्ति को प्रकृति से जोड़ने का भी है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, विश्व पर्यावरण दिवस पर होने वाला यह महाअभियान उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बड़े पौधरोपण कार्यक्रमों में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।