लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ प्रयागराज यूनिट और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह के बीच हुई मुठभेड़ में भानु प्रताप सिंह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ प्रयागराज यूनिट को भानु प्रताप सिंह के अयोध्या क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक जे.पी. राय के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध को रोकने का प्रयास किए जाने पर उसने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान भानु प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अपराधी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि भानु प्रताप सिंह लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में था और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रदेश में संगठित अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






