Home Uttarakhand news ब्रिक्स मंच पर चमका उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन मॉडल, सिलक्यारा रेस्क्यू की...

ब्रिक्स मंच पर चमका उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन मॉडल, सिलक्यारा रेस्क्यू की हुई सराहना

102
0

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं और वर्षा जनित संकटों के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील उत्तराखंड ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। भारत की अध्यक्षता में ओडिशा के पुरी में आयोजित

ब्रिक्स डिजास्टर रिस्क रिडक्शन वर्किंग ग्रुप की द्वितीय तकनीकी बैठक में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल और विशेष रूप से सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की व्यापक सराहना की गई।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स मंच पर सिलक्यारा रेस्क्यू मॉडल को मिली पहचान उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन क्षमता और समन्वित कार्यशैली का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने इस सफल अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसने दुनिया के सामने भारत की तकनीकी दक्षता और आपदा प्रबंधन क्षमता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

सीएम धामी ने कहा कि अभियान की सफलता में केंद्र और राज्य सरकार, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने 17 दिनों तक लगातार कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले सभी कर्मियों और विशेषज्ञों को बधाई देते हुए कहा कि इस अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का योगदान सम्मान और प्रशंसा का पात्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों और लोगों के सामूहिक प्रयासों के कारण ही सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान सफल हुआ और आज उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहना मिल रही है। यह उपलब्धि भविष्य में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।