Home Political news चंद्रशेखर आजाद से दूरी क्यों बना रहे हैं अखिलेश यादव? 2027 से...

चंद्रशेखर आजाद से दूरी क्यों बना रहे हैं अखिलेश यादव? 2027 से पहले सियासी समीकरणों पर बड़ी चर्चा

46
0

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है, राजनीतिक गलियारों में लगातार यह चर्चा हो रही है कि यदि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद एक साथ आते हैं, तो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

अखिलेश यादव लंबे समय से PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने की बात करते रहे हैं, वहीं चंद्रशेखर आजाद खुद को दलित समाज की मजबूत आवाज के रूप में स्थापित कर चुके हैं, ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पिछड़ा, दलित और मुस्लिम वोट बैंक एक मंच पर आ जाता है, तो 2027 का चुनाव बेहद दिलचस्प हो सकता है, सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अखिलेश यादव सत्ता का गणित अच्छी तरह समझते हैं, तो फिर चंद्रशेखर आजाद के साथ मजबूत राजनीतिक साझेदारी बनाने में हिचकिचाहट क्यों दिखाई दे रही है? राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इसकी एक बड़ी वजह भरोसे का संकट माना जा रहा है, लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में गठबंधनों और नेताओं के रिश्तों को लेकर कई नई चर्चाएं सामने आई हैं।

जयंत चौधरी फैक्टर बना वजह?

Also Read – निकाह के 5 घंटे बाद टूटा रिश्ता, दूल्हे ने दिया तलाक; बिना दुल्हन लौट गई बारात

वरिष्ठ पत्रकार आस मोहम्मद कैफ के एक इंटरव्यू में किए गए दावों के अनुसार, अखिलेश यादव और चंद्रशेखर आजाद के बीच दिखाई देने वाली दूरी की एक वजह राष्ट्रीय लोक दल के नेता जयंत चौधरी से जुड़ा राजनीतिक अनुभव भी हो सकता है, एक समय ऐसा था जब अखिलेश यादव, जयंत चौधरी और चंद्रशेखर आजाद एक साथ मंच साझा करते थे, विपक्षी एकता की तस्वीर भी मजबूत दिखाई देती थी, लेकिन बाद में जयंत चौधरी के एनडीए के साथ जाने के फैसले ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम के बाद अखिलेश यादव किसी भी नए राजनीतिक सहयोगी को लेकर पहले से अधिक सतर्क हो गए हैं।

क्या भविष्य की चुनौती का भी डर है?

विशेषज्ञों का मानना है कि अखिलेश यादव केवल वर्तमान चुनावी लाभ-हानि नहीं देख रहे, बल्कि भविष्य की राजनीति को भी ध्यान में रखकर फैसले ले रहे हैं, यदि चंद्रशेखर आजाद को अधिक राजनीतिक स्पेस मिलता है और भविष्य में वे एक बड़े जनाधार वाले नेता के रूप में उभरते हैं, तो यह समाजवादी पार्टी के लिए नई चुनौती बन सकता है, यही कारण है कि सपा नेतृत्व हर कदम बेहद सोच-समझकर उठाना चाहता है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी रणनीति में भी बदलाव किया है, पार्टी अब जाट राजनीति के बजाय गैर-जाट ओबीसी वोट बैंक पर अधिक फोकस कर रही है, यह रणनीति बताती है कि सपा फिलहाल अपने पारंपरिक और संभावित नए वोट बैंक को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

चंद्रशेखर आजाद के सामने क्या विकल्प?

दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद के सामने भी दो बड़े विकल्प माने जा रहे हैं। पहला, वह अकेले चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत को और मजबूत करें। दूसरा, किसी बड़े विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनकर चुनावी मैदान में उतरें, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले महीनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में कई नए समीकरण बन सकते हैं और गठबंधन की तस्वीर भी बदल सकती है, फिलहाल यह साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में भरोसा, रणनीति और नेतृत्व की लड़ाई नए मोड़ पर पहुंच चुकी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अखिलेश यादव और चंद्रशेखर आजाद भविष्य में एक मंच पर दिखाई देते हैं या फिर दोनों नेता अलग-अलग राह चुनते हैं।