Home Bihar कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले में खान सर को बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर...

कोचिंग सेंटर फायरिंग मामले में खान सर को बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर कोर्ट ने लगाई रोक

39
0

चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir को पटना जिला अदालत से बड़ी राहत मिली है, खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और फायरिंग मामले में गिरफ्तारी की आशंका के बीच अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर अंतरिम राहत प्रदान की है, इससे फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई है।

अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट पहुंचे थे खान सर

जानकारी के मुताबिक, खान सर ने सोमवार को पटना जिला अदालत में अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) के लिए याचिका दायर की थी, मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 2 जून का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, वीडियो में संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर गोली चलाते दिखाई दिए थे, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।

Also Read – यूपी में बनेगा स्पेशलाइज्ड रेस्क्यू ग्रुप, 240 कर्मियों को मिलेगी NDRF स्तर की ट्रेनिंग

सुरक्षा गार्डों के बयान से बढ़ी मुश्किलें

पुलिस पूछताछ के दौरान फायरिंग के आरोपी सुरक्षा गार्डों ने दावा किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर हवा में गोलियां चलाई थीं वहीं, शुरुआत में खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों ने उनके सेंटर पर हमला कराया है, हालांकि बाद में उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया। सुरक्षा गार्डों और खान सर के बयानों में अंतर सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

फायर सेफ्टी जांच में भी सामने आईं खामियां

इसी बीच खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) जांच भी की गई, निरीक्षण के दौरान कई संरचनात्मक और सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, बिहार पुलिस ने संस्थान प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी खामियों को दूर करने के निर्देश देने की बात कही है, हाल ही में मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद राज्यभर में सुरक्षा मानकों की जांच तेज की गई है।

क्या है खान ग्लोबल स्टडीज?

खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) पटना का एक प्रमुख कोचिंग संस्थान है, जिसकी स्थापना फैजल खान ने की थी, फैजल खान देशभर में “खान सर” के नाम से लोकप्रिय हैं, यह संस्थान प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी कराने के लिए जाना जाता है, अपने अनोखे पढ़ाने के अंदाज और सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता के कारण खान सर देशभर के छात्रों के बीच एक चर्चित नाम हैं, पटना जिला अदालत से मिली अंतरिम राहत के बाद फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लग गई है, हालांकि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में अदालत की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।