“उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक ऐसा नाम, जो सत्ता में रहे या विपक्ष में, लेकिन जिसकी चर्चा कभी खत्म नहीं होती। अब सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राजा भैया बड़ा दांव खेलने की तैयारी में हैं। कहा जा रहा है कि जनसत्ता दल इस बार 100 से ज्यादा सीटों पर ताल ठोक सकता है। हिंदुत्व के मुद्दे पर लगातार मुखर दिखाई दे रहे राजा भैया की बढ़ती सक्रियता ने बीजेपी, सपा और बसपा समेत सभी दलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
ALSO READ अवैध हिरासत पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, दोषी पुलिसकर्मियों के वेतन से वसूला जाएगा मुआवजा

सवाल यही है कि क्या 2027 में राजा भैया यूपी की राजनीति में बड़ा उलटफेर करने वाले हैं?” उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हैं। इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक राजा भैया को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उनकी पार्टी इस बार पिछली बार से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। पिछले कुछ महीनों में राजा भैया कई धार्मिक आयोजनों और यात्राओं में सक्रिय नजर आए हैं। सनातन और हिंदुत्व से जुड़े उनके बयान भी चर्चा में रहे हैं। समर्थकों का मानना है कि वह सर्वसमाज और हिंदुत्व के मुद्दे पर अपनी अलग पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। राजा भैया का राजनीतिक सफर भी हमेशा सुर्खियों में रहा है। 2013 के चर्चित सीओ जियाउल हक हत्याकांड में आरोप लगने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। बाद में सीबीआई ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी। इसके बाद उन्होंने जनसत्ता दल का गठन किया और लगातार अपने संगठन के विस्तार में जुटे हुए हैं। हालांकि 2027 में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन राजनीतिक चर्चाओं के बीच नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या राजा भैया इस बार प्रदेश की राजनीति में बड़ा सियासी धमाका कर पाएंगे।






