देशभर में चर्चा में रही कॉकरोच जनता पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश की ओर रुख कर लिया है। पार्टी के संस्थापक और प्रमुख अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंच चुके हैं। उनका कहना है कि वह शनिवार को इको गार्डन में आयोजित होने वाले छात्र संगठन के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आए हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
यह प्रदर्शन नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रस्तावित था। प्रदर्शन का आह्वान कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से किया गया था। पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया और वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की थी।
वहीं, छात्र संगठन ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी इस संबंध में वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन पार्टी प्रतिनिधि विवेक कुमार की ओर से किया गया था, जिसे स्वीकृति नहीं दी गई।
टीम इंडिया की जर्सी में लखनऊ पहुंचे अभिजीत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिजीत दीपके शुक्रवार देर रात लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। इस दौरान वह टीम इंडिया की जर्सी पहने नजर आए। प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे स्थानीय प्रशासन से बातचीत करेंगे और अपनी बात संवैधानिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से रखने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दिल्ली और पुणे में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए थे, जहां प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी थी।
सोशल मीडिया और जन आंदोलनों से जुड़ा रहा है नाम
महाराष्ट्र के संभाजीनगर निवासी 30 वर्षीय अभिजीत दीपके ने बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वह पहले सामाजिक और राजनीतिक अभियानों से भी जुड़े रहे हैं। सोशल मीडिया पर विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने के कारण उनका नाम कई बार चर्चा में आ चुका है।
फिलहाल लखनऊ में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर सभी की नजरें बनी हुई हैं। पुलिस प्रशासन और आयोजकों के बीच आगे क्या निर्णय होता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।






