जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई हत्या के बाद माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। मृतक अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद भी शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परिजन न्याय की मांग को लेकर शव घर पर रखे हुए हैं। परिजनों का कहना है कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से उन्हें संतोष नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके एनकाउंटर अथवा मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई है। साथ ही परिजनों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाकर न्याय का भरोसा दिलाने की मांग भी की है।
गांव में बढ़ते तनाव और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इधर, विवादित भूमि की पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई प्रशासन की देखरेख में शुरू करा दी गई है। सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। गौरतलब है कि कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। मारपीट के दौरान 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।






