Home Breaking News अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का...

अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- ‘बेटी, बेटी होती है’

43
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बेटियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल पुलिस अधिकारियों को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दिनों देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। जैसे ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने पुलिस से कहा कि इसमें एफआईआर दर्ज कराई जाए। बेटी, बेटी होती है।”

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों में बेटियों को सर्वोच्च सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा, “हम तो ऐसे संस्कारों में पले-बढ़े हैं जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है और गांव की बहन सबकी बहन होती है। बेटियों के सम्मान के मामले में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भाषा पर भी नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हैं, लेकिन अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दें कि वे अपनी भाषा को संयमित रखें।”

सीएम योगी के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने बेटियों की गरिमा और सम्मान के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया है।