Home Breaking News असम AN-32 विमान हादसे में अलीगढ़ का बेटा शहीद, मातम में बदली...

असम AN-32 विमान हादसे में अलीगढ़ का बेटा शहीद, मातम में बदली शादी की खुशियां

52
0

अलीगढ़। असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर हुए दर्दनाक AN-32 विमान हादसे में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद का एक वीर सपूत देश सेवा के दौरान शहीद हो गया। खैर तहसील के सालपुर गांव निवासी भारतीय वायुसेना के सार्जेंट जितेंद्र शर्मा ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

शनिवार 13 जून 2026 की सुबह असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान अनियंत्रित होकर रनवे के पास क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई। टक्कर के बाद विमान दो हिस्सों में टूट गया विमान में कुल छह सैन्यकर्मी सवार थे। हादसे में पांच जवान वीरगति को प्राप्त हो गए, जबकि सह-पायलट को गंभीर हालत में बचा लिया गया है। उनका उपचार सैन्य अस्पताल में जारी है।

परिवार के लिए सबसे पीड़ादायक बात यह है कि सार्जेंट जितेंद्र शर्मा जल्द ही शादी की तैयारियों के सिलसिले में घर आने वाले थे। करीब आठ दिन पहले ही परिवार में विवाह को लेकर चर्चा और तैयारियां शुरू हुई थीं। घर में जहां शहनाइयों की गूंज की उम्मीद थी, वहीं अब शहादत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच में विमान की तकनीकी स्थिति, लैंडिंग प्रक्रिया, मौसम संबंधी परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी। इसके साथ ही ब्लैक बॉक्स, एयर ट्रैफिक रिकॉर्ड और तकनीकी रिपोर्टों की भी जांच होगी।

वायुसेना के प्रोटोकॉल के तहत असम में सभी सैन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शहीद सार्जेंट जितेंद्र शर्मा का पार्थिव शरीर रविवार को अलीगढ़ पहुंचने की संभावना है। उनके अंतिम संस्कार में सैन्य सम्मान के साथ राजकीय सम्मान भी दिया जाएगा। देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सार्जेंट जितेंद्र शर्मा की शहादत को पूरा देश नमन कर रहा है।