चित्रकूट। जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी योजनाएं पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारी, विभिन्न फर्मों के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
रैपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना 30 जून तक पूरी करने के निर्देश
बैठक में पाठा क्षेत्र की रैपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत शामिल 68 गांवों में से 65 गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था जीवीपीआर को निर्देश दिया कि शेष कार्यों को हर हाल में 30 जून 2026 तक पूरा किया जाए।
चांदी बांगर योजना के अवशेष कार्य सितंबर तक पूरे होंगे
चांदी बांगर ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत 286 गांवों में से 190 गांवों में जलापूर्ति प्रारंभ की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने एल एंड टी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि योजना से जुड़े सभी अवशेष कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण कराए जाएं ताकि शेष गांवों को भी जल्द पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।
सिलौटा मुस्तकिल योजना में सभी गांवों तक पहुंचा पानी
बैठक में बताया गया कि सिलौटा मुस्तकिल ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत सभी 59 गांवों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। हालांकि कुछ ओवरहेड टैंकों (OHT) पर SCADA एवं ऑटोमेशन कार्य शेष हैं। जिलाधिकारी ने इन कार्यों को भी 30 जून 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
जलापूर्ति शुरू होने वाले गांवों में होगा ‘जल उत्सव’
डीएम पुलकित गर्ग ने कहा कि जिन गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ‘जल उत्सव’ आयोजित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल सके।उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मैनपावर और मशीनरी बढ़ाने के निर्देश
बैठक के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि कार्यदायी संस्थाएं एल एंड टी और जीवीपीआर अवशेष कार्यों के लिए पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध नहीं करा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों कंपनियों को फटकार लगाते हुए पर्याप्त श्रमिकों और मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता
पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्स्थापन कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रभावित सड़कों की मरम्मत 30 जून 2026 से पहले हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ सड़क मरम्मत कार्य कराने पर भी जोर दिया।
सीडब्ल्यूआर केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में विद्युत वितरण खंड के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सीडब्ल्यूआर (CWR) केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने योजनाओं की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।






