Home Political news सपा कार्यालय के ब्राह्मण सम्मेलन पर घमासान, राजभर बोले- अब सांसद बचाओ...

सपा कार्यालय के ब्राह्मण सम्मेलन पर घमासान, राजभर बोले- अब सांसद बचाओ अभियान चलाएं अखिलेश

41
0

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। इसी बीच सुभासपा प्रमुख और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। राजभर ने दावा किया है कि सपा के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और पार्टी में बड़ी टूट होने की संभावना है।

दरअसल, हाल ही में समाजवादी पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण समाज को साधने के उद्देश्य से आयोजित एक सम्मेलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर ओमप्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट कर सपा नेतृत्व पर निशाना साधा। राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कल से सब पूछ रहे हैं कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो, सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा।”

उन्होंने आगे दावा किया कि सपा कार्यालय में आयोजित सम्मेलन के दौरान ब्राह्मण समाज का तिरस्कार किया गया, जिससे “बागी बलिया” का एक नेता बेहद आहत है। राजभर ने कहा कि पार्टी में टूट की योजना पहले से थी, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने “आग में घी डालने” का काम किया है।

सुभासपा प्रमुख ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए लिखा, “मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर सांसद बचाओ अभियान शुरू करें और नाराज सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।”

गौरतलब है कि इससे पहले भी ओमप्रकाश राजभर दावा कर चुके हैं कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद और नेता एनडीए के संपर्क में हैं। हालांकि सपा की ओर से इन दावों को लगातार खारिज किया जाता रहा है। अब राजभर के ताजा बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।