Home Uttar Pradesh उन्नाव मे विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी “सपा-कांग्रेस के शासन में...

उन्नाव मे विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी “सपा-कांग्रेस के शासन में था खर-दूषण और मारीच जैसा माफियाराज”

38
0

उन्नाव पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को 570 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए उनके शासनकाल को माफिया राज और परिवारवाद का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल करने और लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना की तैयारी का भी बड़ा ऐलान किया।

भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 570 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उन्नाव आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और क्रांतिकारी विरासत की भूमि है। मुख्यमंत्री ने वीर गुलाब सिंह लोधी, प्रताप नारायण मिश्र और महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ सहित जिले की महान विभूतियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव अब केवल लखनऊ और कानपुर के बीच स्थित जिला नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश की योजनाएं जिले में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा करेंगी। सीएम योगी ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का विकास अब केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन्नाव होते हुए कानपुर तक पहुंचेगा। इसी क्रम में लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है।

विकास के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा अपने परिवारों के हितों को प्राथमिकता दी, जबकि गरीब, किसान और युवा उपेक्षित रहे। “कांग्रेस के लिए सिर्फ एक परिवार महत्वपूर्ण रहा और समाजवादी पार्टी के लिए भी केवल एक परिवार। जनता के विकास और युवाओं के भविष्य की इन्हें कभी चिंता नहीं रही।”

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश अपराध और माफिया से मुक्त होकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सपा और कांग्रेस के शासनकाल को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। “माफिया के कारनामों को मैं देखता हूं तो मुझे रामायण याद आने लगती है। रामायण काल में खर-दूषण, मारीच और सुबाहु जैसे रहे होंगे, वैसे ही सपा और कांग्रेस के समय में माफिया राज था।” महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां पहले खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन आज कानून का राज स्थापित हुआ है और महिलाओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।