Home Uttar Pradesh राम मंदिर मुद्दे पर सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- दोषियों पर...

राम मंदिर मुद्दे पर सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

48
0

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े विवाद और कथित अनियमितताओं के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 378 करोड़ रुपये से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और जांच में “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी है तो वह किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मीडिया में सामने आई खबरों के बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बैठाई गई है। उन्होंने रामभक्तों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों का पालन करते हुए सभी को जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए। यदि किसी के पास कोई दस्तावेजी साक्ष्य है तो उसे एसआईटी को सौंपना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोली चलाने, राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का काम करते रहे हैं, वे आज अयोध्या को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने तक किसी भी प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए ताकि जांच प्रभावित न हो।

सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उनकी आस्था भगवान राम में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर दर्शन को लेकर भी समाजवादी पार्टी का रवैया नकारात्मक रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के विकास और राम मंदिर के भव्य स्वरूप को कुछ राजनीतिक दल स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसी वजह से दुष्प्रचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या आज सोलर सिटी, बेहतर सड़क नेटवर्क, एयरपोर्ट और आधुनिक सुविधाओं के साथ नई पहचान बना रही है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।