दतिया/ललितपुर, 20 जून। बुंदेलखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। दतिया हवाई पट्टी पर पहुंचने पर मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया।
पीतांबरा पीठ परिसर स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में भी मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से जलाभिषेक किया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई।
दतिया में धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ललितपुर रवाना हुए। ललितपुर पहुंचने पर उन्होंने ऐतिहासिक तुवन मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की उन्नति तथा जनकल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी, महंत तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दतिया और ललितपुर में सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं।






