Home bollywood ‘द इंडिया स्टोरी’ का दमदार टीज़र रिलीज: मिलावटी खाने के खिलाफ कोर्ट...

‘द इंडिया स्टोरी’ का दमदार टीज़र रिलीज: मिलावटी खाने के खिलाफ कोर्ट में लड़ाई लड़ती दिखीं काजल अग्रवाल

77
0

बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल अग्रवाल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अंदाज में वापसी करने जा रही हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ का बहुप्रतीक्षित टीज़र रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित यह फिल्म एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाती नजर आ रही है, जिसमें खाद्य पदार्थों में मिलावट और कीटनाशकों के खतरनाक प्रभावों को केंद्र में रखा गया है।

टीज़र में काजल अग्रवाल एक तेज-तर्रार और निडर वकील अर्चना के किरदार में दिखाई दे रही हैं, जो आम लोगों को न्याय दिलाने के लिए व्यवस्था और ताकतवर लोगों से टकराने को तैयार है। फिल्म में उनके साथ अभिनेता श्रेयस तलपड़े भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

विरोध प्रदर्शनों के बीच होती है काजल की एंट्री

टीज़र की शुरुआत सड़कों पर हो रहे बड़े विरोध प्रदर्शन से होती है। भारी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शन कर रहे हैं और सड़क जाम कर देते हैं। इसी दौरान काजल अग्रवाल की एंट्री होती है। उन्हें देखते ही प्रदर्शनकारी और अधिक आक्रोशित हो जाते हैं। कुछ दृश्य ऐसे भी दिखाए गए हैं, जिनमें लोग उनके पोस्टरों पर कालिख पोतते नजर आते हैं।इन दृश्यों से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म में काजल का किरदार किसी बड़े और विवादित मुद्दे को उठाने वाला है, जिसके चलते उन्हें विरोध और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

बेटी की मौत के इंसाफ की लड़ाई

फिल्म में श्रेयस तलपड़े योगेश पांडे नाम के एक पिता की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी सात वर्षीय बेटी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है। डॉक्टरों का दावा होता है कि बच्ची कैंसर से पीड़ित थी, लेकिन योगेश को विश्वास है कि उसकी बेटी की मौत खाने में मौजूद जहरीले रसायनों, मिलावट और कीटनाशकों के कारण हुई है।अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए वह अदालत का दरवाजा खटखटाता है और इस लड़ाई में उसका साथ देती हैं वकील अर्चना यानी काजल अग्रवाल। इसके बाद शुरू होती है एक ऐसी कानूनी जंग, जो सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की लड़ाई बन जाती है।

सामाजिक मुद्दे पर आधारित है कहानी

टीज़र से साफ है कि फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि यह लोगों को खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवालों पर सोचने के लिए मजबूर करेगी। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह आम लोगों के जीवन पर मिलावटी खाद्य पदार्थों और जहरीले केमिकल्स का असर पड़ सकता है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

जी स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी ‘द इंडिया स्टोरी’ का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी सागर बी. शिंदे ने लिखी है। काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े अभिनीत यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और तमिल भाषाओं में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।

टीज़र को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद माना जा रहा है कि यह फिल्म एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश के साथ दर्शकों के बीच मजबूत प्रभाव छोड़ सकती है।