उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्व एमएलसी और बाहुबली नेता बृजेश सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। लंबे समय से उनके चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच उन्होंने साफ कर दिया कि वह वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो बृजेश सिंह ने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा, “बिल्कुल चुनाव लड़ेंगे। राजनीति में आए हैं तो चुनाव तो लड़ेंगे ही। 2027 में कहीं न कहीं से चुनाव जरूर लड़ूंगा।”
बृजेश सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना है। उनके चुनाव लड़ने की घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, जब उनसे उनके बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया कि जौनपुर में उनकी सक्रियता बढ़ी है और उनके चुनाव लड़ने की चर्चा है, तो बृजेश सिंह ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। कुछ लोग केवल सनसनी फैलाने का काम कर रहे हैं।
बृजेश सिंह के इस बयान से यह साफ हो गया है कि वह खुद 2027 के विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं, जबकि बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं को उन्होंने महत्व देने से इनकार कर दिया।






