Home Breaking News सीएमएस में शिक्षा और संस्कार का उत्सव, शिक्षकों का सम्मान और मेधावियों...

सीएमएस में शिक्षा और संस्कार का उत्सव, शिक्षकों का सम्मान और मेधावियों का अभिनंदन

35
0

सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) में मंगलवार को गोमती नगर एक्सटेंशन कैंपस ऑडिटोरियम में भव्य ‘शिक्षक स्वागत समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का सम्मान किया गया, वहीं जेईई एडवांस, सीयूईटी, आईएससी और आईसीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को लाखों रुपये के नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह (आईएएस) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी और प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने शिक्षकों का स्वागत करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में जेईई एडवांस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र अभ्युदय सार्थक को 50 हजार रुपये, प्रणव उपाध्याय को 40 हजार रुपये, निदान अग्रवाल और वंश मिश्रा को 20-20 हजार रुपये तथा आर्या द्विवेदी और उत्सव ग्रादव को 10-10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा जेईई एडवांस में ऑल इंडिया रैंक 20 हजार के भीतर स्थान पाने वाले 18 छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

सीयूईटी परीक्षा में 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले छवि मिश्रा, तेजस्वी कुशवाहा, वैभव शर्मा और उत्कर्ष सिंह को 10-10 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए, जबकि 99 पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 43 छात्रों को सम्मानित किया गया। वहीं आईएससी और आईसीएसई बोर्ड परीक्षाओं में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 20 छात्रों को एक-एक लाख रुपये के नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. भारती गांधी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे छात्रों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक, आध्यात्मिक और मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी दें, ताकि समाज को जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिक मिल सकें। प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि सीएमएस लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयासरत है और जेईई-नीट की तैयारी के लिए संचालित ‘जय जगत सेक्शन’ छात्रों को बेहतर परिणाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं ने प्रार्थना, वंदे मातरम्, स्वागत नृत्य, सर्वधर्म प्रार्थना, विश्व एकता संदेश, भारतीय शास्त्रीय संगीत, वेस्टर्न म्यूजिक और विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही सीएमएस की 67 वर्षों की शैक्षिक यात्रा पर आधारित मल्टीमीडिया प्रस्तुति भी दिखाई गई।