लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से योगी सरकार 1 जुलाई से 7 जुलाई तक प्रदेशव्यापी वन महोत्सव आयोजित करेगी। इस दौरान वन विभाग ‘आम बहार- आपके द्वार’ अभियान चलाकर आम की देशी और अन्य प्रजातियों के पौधों का व्यापक वितरण करेगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।
मुख्य वन संरक्षक अदिति शर्मा ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान पूरे प्रदेश में पौधरोपण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पौधरोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौधरोपण महाभियान-2026 में फलदार वृक्षों, विशेष रूप से आम की देशी प्रजातियों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 1 से 7 जुलाई तक प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड में ‘आम बहार- आपके द्वार’ अभियान के तहत ‘आम भंडारा’ आयोजित किया जाएगा, जहां आम की विभिन्न प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। साथ ही लोगों को पौधों के रोपण और उनके उचित रखरखाव की जानकारी भी दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम के बीच बड़े स्तर पर पौधरोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से वन महोत्सव के दौरान व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।
वन महोत्सव के अलावा योगी सरकार इस वर्ष भी प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए विभिन्न विभागों और मंडलों को लक्ष्य पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। वर्षाकाल में आयोजित होने वाले राज्यव्यापी पौधरोपण महाभियान की तिथि भी जल्द घोषित की जाएगी।






