लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर जहां विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने बधाई संदेश के साथ राजनीतिक नसीहत भी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और इसे अपना “उपहार” बताते हुए उन्हें जमीनी राजनीति से जुड़ने की सलाह दी।
राजभर ने लिखा कि ईश्वर से वह अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि काफी सोचने के बाद उन्हें लगा कि बड़े राजनीतिक परिवार से आने वाले और पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव को भौतिक उपहार देने की बजाय एक सलाह देना अधिक उचित होगा।
पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव से “आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी” छोड़ने तथा “एसी और पीसी वाली राजनीति” से बाहर निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि अखिलेश को गांव-देहात की पगडंडियों पर जाकर गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच समय बिताना चाहिए तथा उनके सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए।
राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि केवल एसी कमरे में बैठकर सोशल मीडिया पर खेत-खलिहान के वीडियो देखने से खेती और गांव की राजनीति नहीं समझी जा सकती। उन्होंने कहा कि खेतों में जाकर किसानों के बीच समय बिताने से ही जमीनी हकीकत का एहसास होगा।
उन्होंने आगे लिखा कि शुरुआत में गांव की पगडंडियों पर चलने में कठिनाई हो सकती है, लेकिन लगातार प्रयास करने से प्रदेश की राजनीति का वास्तविक रास्ता समझ में आएगा। राजभर ने अपनी राजनीतिक शैली का जिक्र करते हुए कहा कि वह 48 डिग्री की गर्मी में भी गांव-गांव घूमते हैं और यही जमीनी राजनीति का रास्ता है। पोस्ट के अंत में उन्होंने अखिलेश यादव को एक बार फिर जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने की कामना की।






